ABC News: अपने 147वें वर्ष में चल रही श्री राम लीला सोसाइटी परेड का विजयादशमी महोत्सव चार अक्टूबर से शुरू होगा और 28 अक्टूबर तक चलेगा. विजयादशमी महोत्सव की जानकारी देते हुए सोसाइटी के अध्यक्ष महेंद्र मोहन गुप्त, प्रधानमंत्री कमल किशोर अग्रवाल ने बताया कि परेड स्थित मैदान पर 14 अक्टूबर से रामलीला के मंचन की शुरूआत होगी. हर वर्ष की तरह इस बार भी मथुरा श्री चतुर्वेद रामलीला मंच के कलाकार रामलीला का मंचन करेंगे.

उन्होंने बताया कि इस बार परेड का रावण 80 फीट ऊंचा होगा और पुतला जलने से पहले इसकी आंखों से अंगारे बरसेंगे. 21 से 24 अक्टूबर तक आसमानी आतिशबाजी का प्रदर्शन के साथ लेजर शो भी होगा. पर्यावरण का ध्यान रखते हुए पूरी तरह से ग्रीन आतिशबाजी यहां पर की जाएगी. इसके अलावा 25 अक्टूबर को भरत मिलाप और 27 अक्टूबर को प्रभु श्री राम का राज्याभिषेक होगा. रामलीला की शुरूआत से पहले प्रतिदिन रामलीला भवन मेस्टन रोड से शोभायात्रा निकाली जाएगी. रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों ने शोभायात्रा के क्षतिग्रस्त मार्गों को पैचवर्क के साथ बिजली के लटकते तारेां को दुरूस्त करने की मांग की है. खासतौर पर जिन रास्तों पर मेट्रो से जुड़ा कार्य चल रहा है, वहां पर सड़क सही कराने को कहा गया है. इसके अलावा रामलीला मैदान में प्रतिदिन दवा का छिड़काव और पानी के टैंकर रखे जाने की भी मांग की गई है. इससे पहले चार अक्टूबर से लाजपत भवन, मोतीझील में मंदाकिनी दीदी रामकथा का रसपान कराएंगी.
रिपोर्ट: सुनील तिवारी

