ABC News: बिधनू में एक दिन पहले हुए सड़क हादसे में चार लोगों की मौत के बाद यातायात विभाग की नींद टूटी है. माल वाहक वाहनों में ढोई जा रही सवारियों को लेकर उठे सवालों के बाद गुरूवार को यातायात पुलिस ने अभियान चलाया.

यातायात पुलिस ने डीसीपी रवीना त्यागी की अगुवाई में रामादेवी- जाजमऊ फ्लाईओवर पर अभियान चलाते हुए कई मालवाहक वाहनों को पकड़ा. इन वाहनों में बड़े पैमाने पर सवारियों को ढोया जा रहा था. इन माल वाहक वाहनों में बड़ी संख्या में ग्रामीण इलाकों से आने वाले दूध कारोबारी शामिल थे. अभियान की जानकारी मिलते ही हाइवे पर चल रहे माल वाहक वाहनों के ड्राइवरों में हड़कंप मच गया.

इस दौरान डीसीपी ट्रैफिक ने अपनी मौजूदगी में कई माल वाहक वाहनों को मौके पर सवारी ढोते हुए पकड़ा और उन्हें सीज कराया. इन सबके बीच, लोगों का कहना है कि नौबस्ता-हमीरपुर रोड पर भी बड़ी संख्या में माल वाहक वाहन सवारियां ढोकर ग्रामीण इलाके की तरफ जाते हैं. इस रोड पर आए दिन हादसे भी होते हैं. ऐसे में माल वाहक वाहनों पर कड़ाई से एक्शन लिए जाने की जरूरत है.

