ABC News: प्लॉट पर कब्जे के विवाद को लेकर साउथ सिटी के हनुमंत विहार थाना में जमकर हंगामा हुआ. आरोप है प्लॉट पर कब्जे के विवाद में पहले अधेड़ को पहले दबंगों ने मारा. इसकी शिकायत जब अधेड़ पुलिस चौकी लेकर गए तो वहां पर पुलिस पर मारपीट के आरोप लगे हैं. परिजनों ने दबंगों और पुलिस पर मिलीभगत का आरोप लगाया है. परिजनों का आरोप है कि दबंग और पुलिस की पिटाई से अधेड़ की मौत हुई है. पुलिस पर थर्ड डिग्री टॉर्चर का भी आरोप लगाया गया. परिजनों ने हनुमंत विहार थाने में शव रखकर हंगामा किया. बवाल बढ़ता देख एसीपी घाटमपुर दिनेश शुक्ला, एसीपी बाबूपुरवा संतोष सिंह और 10 थानों का फोर्स मौके पर पहुंचा.

बिधनू के सीढ़ी लालूपुरवा के रहने वाले दिनेश सिंह भदौरिया (42) किसान थे. लालू का हनुमंत विहार थाना क्षेत्र में एक प्लाट है. भाई शीबू सिंह भदौरिया ने बताया कि इलाके की एक दबंग महिला प्रीती वर्मा ने प्लाट पर कब्जा कर लिया था. पुलिस चौकी इंचार्ज अशोक प्रीती का पक्ष लेकर इनके ऊपर दबाव बना रहे थे. इससे पहले एससी-एसटी एक्ट का मुकदमा भी दर्ज किया था. प्लाट को ही लेकर बुधवार को भी दिनेश को हनुमंत विहार चौकी में बुलाया गया था. आरोप है कि इस दौरान चौकी इंचार्ज ने कमरे में बुलाकर टॉर्चर किया. इस दौरान प्रीती वर्मा और उसका पूरा गैंग भी वहां मौजूद था. इससे दिनेश की हालत बिगड़ी और कॉर्डियोलॉजी अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

मौत की जानकारी मिलते ही दिनेश के परिवार के शीबू सिंह भदौरिया, लाखन सिंह भदौरिया और सौरभ समेत कई लोग पहुंचे. ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर आनंद प्रकाश तिवारी ने बताया कि सभी थाने और चौकी सीसीटीवी से ऑडियो और वीडियो से लैस हैं. मामले का भी सीसीटीवी फुटेज चेक किया जा रहा है. अगर चौकी इंचार्ज या थाना प्रभारी की भूमिका मिली तो कार्रवाई की जाएगी. परिजन जो तहरीर लिखकर देंगे उस पर एफआईआर दर्ज की जा रही है.

