ABC NEWS: मथुरा में 15 अगस्त की शाम बांके बिहारी मंदिर के पास बिल्डिंग हादसे में 5 श्रद्धालुओं की मौत हो गई जबकि 6 लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है. इस दर्दनाक हादसे में कानपुर की रहने वाली दो महिलाओं की भी मौत हुई है. दोनों सहेली थीं. रात में ट्रेन थी, इसलिए दोबारा दर्शन करने के लिए मंदिर जा रही थीं. तभी हादसा हो गया.
बुधवार दोपहर गीता का शव घर लाया गया, शव देखते ही परिवार वालों में चीख-पुकार मच गई. बेटा और बेटी शव देखते ही गश खाकर गिर पड़े. बेटे ने कहा, “मां मेरी अच्छी नौकरी, स्वास्थ्य और बेहतरी के लिए मलमास के चलते बांके बिहारी मंदिर में दर्शन करने गईं थीं. उन्हें क्या मालूम था कि हादसे का शिकार हो जाएंगी.”
पारिवारिक मित्र के साथ गए थे दर्शन करने
कानपुर के नौबस्ता खाड़ेपुर निवासी श्याम नारायण कश्यप अपनी पत्नी गीता (52), बेटी अनामिका, नातिन 1 साल की परी और मित्र जितेंद्र व उनकी पत्नी रश्मि (40) के साथ मथुरा बांके बिहारी मंदिर दर्शन करने गए थे. मंदिर जाते समय मकान का हिस्सा गिर गया. गीता और रश्मि मलबे के नीचे दब गईं, जिससे दोनों की जान चली गई.

दांए की तरफ से पीली साड़ी में खड़ीं गीता जिनकी वृंदावन हादसे में मौत हो गई.
वहीं गीता की बेटी अनामिका गंभीर रूप से घायल हो गई. हादसे की जानकारी मिलते ही सुबह से ही खाड़ेपुर स्थित घर पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई थी. दोपहर 2 बजे शव घर लाया गया.
बेटा बोला- मां को बस मेरी चिंता थी
बेटा अभिषेक और छोटी बेटी शेफाली रोते-रोते जमीन पर गिर पड़े. मोहल्ले और परिवार के लोगों ने दोनों को किसी तरह संभाला। बेटा बार-बार यही कह रहा था कि मां को तो बस मेरी चिंता थी.
वहीं, मृतक रश्मि (40) के पति जितेंद्र बदहवास थे। दोपहर बाद रश्मि का भी शव धनकुट्टी स्थित घर पहुंचने की बात कही. रश्मि की मौत की सूचना के बाद से परिवार में मातम छाया है.
कानपुर के इंजीनियर की भी हादसे में हुई मौत
हादसे की चपेट में आने से जूही बबुरहिया निवासी अरविंद (36) की भी मौत हो गई. अरविंद अपनी पत्नी श्वेता, बेटे आर्यन के साथ दर्शन करने गए थे। अरविंद मूल रूप से बिहार के जहानाबाद के रहने वाले थे.
मौजूदा समय में एटा में इंजीनियर थे. जूही में पिता रामेश्वर और मां सोमवती रहते हैं. अरविंद का अंतिम संस्कार उनके मूल निवास बिहार में किया जाएगा. इसके चलते परिवार के सभी लोग बिहार के लिए रवाना हो गए.

