ABC News: कानपुर में एक बेजुबान की बेरहमी से हत्या कर दी गई. किदवईनगर थाना क्षेत्र की जूही लाला कॉलोनी में पालतू बिल्ली के बच्चे को खा जाने से नाराज युवक ने कुत्ते को रस्सी से बांधकर डंडे से पीट-पीटकर मार डाला. इसके बाद शव बोरे में भरकर रेलवे ग्राउंड में फेंक दिया.

टहलने पहुंचे लोगों ने पुलिस को सूचना दी, तो पुलिस ने युवक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया. लाल कालोनी निवासी रानी देवी ने बताया कि वह घर के बाहर रहने वाली एक कुत्ते को रोटी-पानी देकर पाल रही थी. बुधवार दोपहर असद अहमद उर्फ मुन्ना ने उस कुत्ते को रस्सी से बांधा और फिर डंडे से पीटकर हत्या कर दी. इसको लेकर एक सीसीटीवी वीडियो भी वायरल हुआ, जिसमें देखा जा सकता है कि युवक किस तरह से रस्सी से बांधकर कुत्ते को खींचकर ले जा रहा था. पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच की तो बोरे में कुत्ते का शव बरामद हुआ. चौकी इंचार्ज शैलेंद्र सिंह राघव ने बताया कि पूछताछ में पता चला है कि आरोपी के घर पर एक बिल्ली और उसके बच्चे रहते थे. कुत्ते ने एक बच्चे को खा लिया और इसी बात से नाराज होकर मुन्ना ने कुतिया को मार डाला.

