ABC NEWS: औरैया जिले में अछल्दा स्टेशन से पहले श्रमशक्ति एक्सप्रेस के इंजन में अन्ना मवेशी टकरा गया. हादसा होते ही ट्रेन को होम सिग्नल पर रोक दिया गया. लोको पायलट की जानकारी पर पहुंची आरपीएफ ने इंजन में फंसे मवेशी के शव बाहर निकाला. करीब 40 मिनट बाद ट्रेन गतंव्य की ओर रवाना की गई.
दिल्ली- हावड़ा रूट पर सोमवार सुबह चार बजकर 10 मिनट पर दिल्ली से कानपुर की ओर जाने वाली डाउन लाइन की श्रमशक्ति एक्सप्रेस 12452 जैसे ही अछल्दा स्टेशन के निकट पहुंची. इसी बीच अचानक से रेलवे ट्रैक पर एक सांड़ आकर इंजन से टकरा गया.
हादसा होते ही लोको पायलट ने ट्रेन को होम सिगग्नल पर रोक दिया. इसके बाद मवेशी के इंजन में टकराने की जानकारी स्टेशन मास्टर को दी. ट्रेन के इंजन से सांड़ के टकराने की जानकारी पर रेलवे कर्मचारियों के साथ आरपीएफ के जवान मौके पर पहुंचे. इधर ट्रेन के अचानक रुक जाने से यात्रियों में हड़कंप मच गया.
40 मिनट पर ट्रेन को रवाना कराया गया
यात्री भी ट्रेन रुकने का कारण जानने के लिए नीचे उतरे. इस बीच उन्हें मवेशी टकराने की जानकारी हुई. करीब 40 मिनट की मशक्कत के बाद चार बजकर 50 मिनट पर ट्रेन को आगे रवाना कराया. आरपीएफ प्रभारी रजनीश राय ने बताया कि मवेशी के टुकड़े निकालने के बाद ट्रेन रवाना कर दी गई है.

