ABC News: शहर में चल रही विभिन्न योजनाओं को लेकर मंडलायुक्त अमित गुप्ता अब फील्ड पर उतर आए हैं. एक दिन पहले स्मार्ट सिटी मुख्यालय में निरीक्षण करने के बाद शुक्रवार को मंडलायुक्त ने चुन्नीगंज में आधुनिक कन्वेंशन सेंटर का जायजा लिया.

यहां पर नगर आयुक्त शिव शरण अप्पा जीएन ने मंडलायुक्त को बताया कि पुरातत्व विभाग की एनओसी न मिलने के चलते काम रूक हुआ है. काम की समयसीमा दिसंबर 2023 तक ही थी. उन्होंने बतायास कि कला, संस्कृति, कारोबार को इसके बन जाने से सीधा लाभ पहुंचेगा. मंडलायुक्त ने बंद पड़े कार्य को जल्द शुरू कराने के निर्देश देने के साथ प्रोजेक्ट की डिटेल तलब की है. इसके बाद मंडलायुक्त अमित गुप्ता ने चुन्नीगंज स्थित नगर निगम बालिका इंटर कॉलेज का जायजा लिया.

यहां भी रेनोवेशन का काम चलता हुआ मिला. यहां पर बना स्विमिंग पूल और फव्वारे जर्जर हालत में पाए गए. इस पर मंडलायुक्त ने जोनल अधिकारी को परिसर की बेहतर साफ सफाई कराने के साथ ही स्मार्ट सिटी योजना के तहत परिसर में आधुनिक झूले लगाने के निर्देश दिए. भैरो घाट में बने स्मार्ट कूड़ाघर के निरीक्षण के दौरान आसपास पेड़ पौधे लगाने को कहा गया.

