ABC News: कानपुर के कमिश्नर डॉ. लोकेश एम का बच्चों के प्रति संवेदनशील रवैया तो काफी पहले सामने आ चुका है. एक बार फिर से कमिश्नर ने बच्चों के प्रति अपना भावनात्मक रूख दिखाया है. दरअसल, कमिश्नर को सूचना मिली थी कि विजयनगर मलिन बस्ती में छह से आठ वर्ष की आयु के बच्चे स्कूल में नहीं जाते हैं और गली में ही खेलते रहते हैं.

इस सूचना के बाद मंडलायुक्त ने बीएसए के माध्यम से यहां का सर्वे कराया. सर्वे में 87 घरों के 39 ऐसे बच्चे मिले, जो स्कूल नहीं जा रहे थे. इनमें कई बच्चे तो ऐसे थे, जिन्होंने आज तक स्कूल का मुंह तक नहीं देखा था. इसके बाद कमिश्नर ने बीएसए के माध्यम से हर दिन स्कूल आएं योजना के तहत शास्त्रीनगर स्थित कंपोजिट कन्या विद्यालय में 24 बच्चों का दाखिला कराया.

यहां पर बच्चों से घुलमिल कर कमिश्नर ने उन्हें कॉपी, किताब, पेंसिल, बस्ते और गुब्बारे प्रदान किए. मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि बच्चे प्रतिदिन स्कूल आएं, इसको लेकर अगले तीन महीनों तक शिक्षक इन बच्चों के घर जाएंगे और उन्हें विद्यालय तक लेकर आएंगे.

इसके अलावा शहर की अन्य मलिन बस्तियों में स्कूल न जाने वाले बच्चों को चिंहित करने के साथ शारदा योजना के तहत इनका दाखिला नजदीकी स्कूल में कराया जाए. उन्होंने कहा कि विद्याल में बच्चों को इस तरह शिक्षा दी जाए, जिससे वह खेल खेल में पढ़ाई की तरफ आकर्षित हों.
रिपोर्ट: सुनील तिवारी

