ABC News: खाकी पर एक बार फिर बड़ा आरोप लगा है. इस बार नजीराबाद थाना की पुलिस पर शव से जेवर उतारने का गंभीर आरोप लगा है. पीड़ित का आरोप है कि शिकायत के बाद उसके खिलाफ चोरी का मुकदमा लिख दिया गया. पीड़ित ने इसके बाद सीएम दरबार में पेश होकर पुलिस की करतूत बताई. शासन से आदेश आने के बाद पुलिस सक्रिय हुई. पुलिस कमिश्नर ने मामले की जांच कर्नलगंज एसीपी अकमल खां को दी है.

आपको बता दें कि नजीराबाद थाना क्षेत्र के आरके नगर में 12 अप्रैल को निखिल उर्फ विवेक ने मां राजकुमारी की हत्या कर फांसी लगा ली थी. घटना के बाद इंस्पेक्टर नजीराबाद कौशलेन्द्र प्रताप सिंह चौकी इंचार्ज रवि कुमार फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और जांच की थी. राजकुमारी के बड़े बेटे जितेंद्र उर्फ दुर्गेश ने आरोप लगाया है कि मां की मौत के दौरान उनके शरीर में सोने की चेन, अंगूठियां और कंगन मौजूद थे. जांच के दौरान नजीराबाद पुलिस ने शव से जेवरात उतारकर अपने कब्जे में लिए थे. लेकिन इसका जिक्र न ही पंचायतनामा में किया और न ही जीडी में दर्ज किया. जितेंद्र ने बताया कि मां का अंतिम संस्कार करने के बाद वह नजीराबाद थाने मां के जेवरात लेने गए थे. पुलिस कर्मियों ने जेवरात उनके पास नहीं होने की बात कहते हुए धमका कर भगा दिया. इसके बाद उन्होंने 22 जून को आईजीआरएस पोर्टल पर मामले की शिकायत दर्ज कराई. जितेंद्र ने आरोप लगाया कि मां के जेवरात के बारे में पूछा तो पुलिस ने 23 जून को निखिल की पत्नी से तहरीर लेकर चोरी का मुकदमा लिखवा दिया. पति की मौत के बाद से निखिल की पत्नी से विवाद चल रहा है. डीसीपी सेंट्रल प्रमोद कुमार ने बताया कि आरोप की सत्यता जांचने के लिए जांच बैठा दी गई है.

