ABC News: रायबरेली जिले में एक दर्दनाक हादसा हुआ है. यहां पर एक गांव में तालाब में नहा रहे पांच बच्चों की डूबकर मौत हो गई है. हादसे में तीन बच्चों को बचाए जाने की भी खबर है. हादसे की सूचना मिलते ही बच्चों के परिवार में कोहराम मच गया. गांव में जिसने भी यह खबर सुनी, वह स्तब्ध हो गया.

बताया जा रहा है कि रायबरेली कि दीन शाह गौरा ब्लाक क्षेत्र के के मंगतन खेड़ा मजरे बांसी रिहायक गांव के पास तालाब में सभी बच्चे नहा रहे थे. इसी दौरान बच्चे नहाते हुए गहरे पानी में चले गए. एक के बाद एक जब बच्चे डूबने लगे तो चीखपुकार मच गई. सूचना मिलते ही ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए और किसी तरह से तीन बच्चों को बचाया गया. तालाब में खोजबीन के बाद मृतक पांचों बच्चों के शव भी बरामद हो गए. सभी मृतक बच्चों की उम्र सात से 12 साल तक बताई जा रही है. मामले की जानकारी होते ही गांव में मातम छा गया. बताया जा रहा है कि यह बच्चे दो परिवारों के है. सूचना पाकर एसडीएम और सीओ डलमऊ फोर्स के साथ गांव पहुंचे और पीड़ित परिजनों को ढांढस बंधाया. पुलिस ने सभी बच्चों के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है.

