ABC NEWS: ( भूपेंद्र तिवारी ) कानपुर में बिजली समस्या को लेकर कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को केस्को एमडी से मिला. शहर कांग्रेस अध्यक्ष नौशाद आलम मंसूरी के नेतृत्व में केस्को एमडी को ज्ञापन सौंपने के दौरान मांग रखी गई कि लगातार ट्रिपिंग, लो वोल्टेज और घंटों बत्ती गुल की समस्या का एक हफ्ते के अंदर समाधान कराया जाए अन्यथा तमाम पार्टी कार्यकर्ता धरना देने को मजबूर होंगे.
इस दौरान पूर्व विधायक संजीव दरयाबादी, पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष एआईसीसी सदस्य मदन मोहन शुक्ला, संगठन प्रभारी दिलीप शुक्ला, लल्लन अवस्थी, सिराज कुरैशी, रमजानी, महेश मेघानी आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे.

दूसरी तरफ Bjp के एमएलसी सलिल विश्नोई को लगता है कि दिक्कत उतनी भी नहीं है. दरअसल, एमएलसी सलिल विश्नोई जब मोदी सरकार के नौ सालों के कार्यकाल की उपलब्धि बताते बैठे, तो हर उस कार्य को गिनाया, जो सीसामऊ विधानसभा में हुए हैं. इस दौरान सवाल बिजली कटौती पर भी उठ गए, तो एमएलसी सलिल विश्नोई का कहना था कि अधाधुंध कटौती तो सपा सरकार के समय होती थी. उसे अब समाप्त कर दिया गया है. एमएलसी सलिल विश्नोई ने कहा कि अब कुछ लोकल फॉल्ट के कारण कभी कभी दिक्कत हो जाती है लेकिन विद्युत व्यवस्था में काफी सुधार हुआ है.

