ABC NEWS: ( भूपेंद्र तिवारी ) कानपुर मेडिकल कॉलेज में शुक्रवार सुबह 8 बजे सर्वर ठप होने से ऑनलाइन पर्चे बनना बंद हो गए। इससे तीमारदारों को काफी समस्या का सामना करना पड़ा. सैकड़ों की संख्या में पहुंचे तीमारदार भीषण गर्मी में बेहाल हो गए. मैनुअल पर्चे बनने के बाद तीमारदार अपने मरीजों को दिखा सके. काफी मरीज बिना दिखाए ही वापस चले गए.
तीमारदार और कर्मचारियों के बीच हुई झड़प
सुबह करीब 7 बजे से बाहर जिलों से तीमारदार अपने मरीजों को लेकर आना शुरू हो गए थे, लेकिन जब काउंटर सुबह 8 बजे खोला गया तो सर्वर ठप पड़ा था. सुबह से पर्चे ना बनने के कारण लोगों की संख्या सैकड़ों में पहुंच गई. भीषण गर्मी के कारण तीमारदार परेशान होने लगे तो उन्होंने कर्मचारियों से पर्चे बनाने की बात कही, जिस पर दोनों पक्षों में झड़प शुरू हो गई. मामला ऊपर अधिकारियों तक पहुंचा तो उन्होंने हस्तक्षेप किया, जिसके बाद कर्मचारियों ने मैनुअल पर्चे बनाना शुरू किए. मैनुअल पर्चे बनने के कारण तीमारदार काफी परेशान रहे.

पांच हॉस्पिटलों के बनते हैं पर्चे
मेडिकल कॉलेज का सर्वर ठप हो जाने के कारण हैलट ओपीडी, जच्चा बच्चा, बाल रोग विभाग, मुरारी लाल चेस्ट हॉस्पिटल, सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल के पर्चे नहीं बन सके. कर्मचारियों ने बताया कि सर्वर कल रात से ही ठप पड़ा है और दोपहर 2 बजे तक सर्वर नहीं आया, जिसके कारण पर्चे हाथ से बनाए जा रहे हैं. हाथ से पर्चे बनाने में समय लगता है। इसलिए तीमारदारों की भीड़ ज्यादा लग गई थी.
बाहर से आने वाले मरीजों को हुई ज्यादा दिक्कत
कानपुर के अलावा इटावा, उन्नाव, कानपुर देहात, औरैया, बांदा, हमीरपुर, घाटमपुर, उन्नाव, शुक्लागंज से आए तीमारदारों को और उनके मरीजों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा. भीषण गर्मी में लाइन में लगने के कारण तीमारदारों की भी तबियत खराब हो गई. लाइन में लगने के करीब 1 से डेढ़ घंटे बाद उनका पर्चा बन सका.

