ABC News: कानपुर में नयागंज से एक ऐसा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है. जो यह बताने के लिए काफी है कि घृणित मानसिकता किस कदर लोगों पर हावी है. यहां पर एक ई रिक्शा चालक ने मंदिर के बाहर सो रही बच्ची से अश्लील हरकतें की. मामले का सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है. भीड़ ने आरोपी की पिटाई कर उसे पुलिस के हवाले कर दिया.

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो नयागंज के नागेश्वर मंदिर के बाहर बताया जा रहा है. पुलिस के अनुसार, यहां पर भीख मांगकर गुजारा करने वाली महिला अपनी नाबालिग बच्ची के साथ फुटपाथ पर सो रही थी. इसी दौरान यहां पर एक युवक आया और लोगों की नजरें बचाते हुए सो रही नाबालिग बच्ची से अश्लील हरकतें करने लगा. इसके बाद बच्ची ने पूरे मामले की जानकारी अपनी मां को दी. मां ने मंदिर प्रबंधन से शिकायत की लेकिन ई रिक्शा चालक नहीं मिला. करीब एक माह बाद ई रिक्शा चालक रविवार को फिर मंदिर के पास पहुंचा तो महिला ने उसे पहचानते हुए पकड़ लिया. इस बीच शोर सुनकर लोग भी आ गए और सारा मामला जानने के बाद उसकी पिटाई करते हुए पुलिस के हवाले कर दिया. रिक्शा चालक का नाम अनुज बताया गया है. भीख मांगने वाले महिला का कहना है कि वह एक माह से आरोपी की तलाश में थी, आसपास के दुकानदारों से भी आरोपी की हरकतों के बारे में उसने बताया था.

