ABC News: कानपुर के काकादेव थाना क्षेत्र में बेकरी कारोबारी के घर हुई लाखों की चोरी की घटना का खुलासा पुलिस ने 24 घंटे के अंदर ही कर दिया. पुलिस ने इस वारदात में बेकरी कारोबारी के ड्राइवर समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है. इनके पास से चोरी किया गया माल भी बरामद हुआ है. इस पूरी घटना में बेकरी कारोबारी का ड्राइवर ही मास्टर माइंड निकला, उसी से अपने साथियों को पूरे घर की रेकी कराकर चोरी की वारदात को कराया था.

बता दें कि एक दिन पहले काकादेव थानाक्षेत्र के पांडुनगर निवासी जय किशोर ताहिल रामानी ने अपने घर में लाखों की चोरी की सूचना पुलिस को दी थी. मौके पर पहुंची पुलिस ने चोरी की इस वारदात की जब पड़ताल की तो बेकरी कारोबारी के घर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी जांची गई. इसमें दो संदिग्ध दिखाई दिए. पुलिस ने जब पूछताछ की तो पता लगा कि बेकरी कारोबारी के ड्राइवर के साथ इस हुलिए के संदिग्ध दिखाई दिए हैं. इस पर पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसके मोबाइल में कॉल लॉग डिलीट मिली. इसके बाद पुलिस का शक गहराया और जब कड़ाई से पूछताछ की तो उसने सारा राज बता दिया. चोरी की इस वारदात में रावतपुर निवासी विमल दिवाकर, सिद्धार्थ कुशवाहा के नाम बताए, सिद्धार्थ ने बताया कि उसने अपने दोस्त सचिन वर्मा को भी शामिल कर लिया. पुलिस ने इन सभी के पास से नकदी जेवरात समेत तमंचा भी बरामद किया है.

