ABC NEWS: ( भूपेंद्र तिवारी ) कानपुर में बजरंग दल घर-घर जाकर द केरला स्टोरी फिल्म का टिकट बांट रहा है. संगठन ने हिंदू लड़कियों को जागरूक करने के लिए मुफ्त में फिल्म दिखाने का ऐलान किया था. इसी के तहत 21 मई को 250 लड़कियों को मुफ्त में फिल्म दिखाई जा रही है जिस कारण बजरंग दल संयोजक समेत संगठन के सदस्यों ने अलग-अलग स्थानों पर जाकर लड़कियों को फिल्म द केरला स्टोरी की मुफ्त टिकट दी.
शहर के लाटूश रोड स्थित नावेल्टी सिनेमा में लड़कियों को मुफ्त फिल्म दिखाई जाएगी. रविवार के दिन दोपहर 3 बजे का शो बुक कराया गया है. इसके लिए संगठन ने स्कूलों विद्यालयों और कोचिंग सेंटरों के बाहर संगठन द्वारा मुफ्त फिल्म दिखाए जाने का आमंत्रण बैनर लगवाया था. बैनर के माध्यम से फिल्म देखने की इच्छुक लड़कियों ने बजरंग दल के जिला संयोजक कानपुर कृष्णा तिवारी के पास फोन किए जिस पर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने हिंदू लड़कियों के घर जाकर टिकट दिया.
फिल्म की टिकट पाने वाली शीतल तिवारी ने बताया कि इस फिल्म के बारे में कई बार चर्चा सुनी तो देखने का मन हुआ. बजरंग दल ने फिल्म का निशुल्क टिकट दिया है. इसलिए इस फिल्म को देखने वो जरूर जाएंगे. फिल्म देखने वालों में कई लड़कियां अपने पूरे परिवार के साथ जा रही हैं. टिकट पाने वाले परिवार ने भी आग्रह किया कि हिंदू परिवारों को अपने पूरे परिवार के साथ इस फिल्म को देखना चाहिए.

