ABC NEWS: ( भूपेंद्र तिवारी ) अप्रैल में मौसम की बार-बार पलटी से ऐसा लग रहा था कि मई में भी गर्मी से राहत मिलती रहेगी. लेकिन ऐसा ज्यादा दिन तक नहीं चल सका। गर्मी ने अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है. पारा 43 डिग्री सेल्सियस को छूने लगा है। ऐेसे में इस बात की चर्चा है कि आगे क्या होगा. अभी मई का ही 12 दिन बाकि है. उसके बाद जून की दोपहरी में क्या गर्मी पिछले सभी रिकॉर्ड ध्वस्त कर देगी. यह आशंका सच भी हो सकती है. ग्रह नक्षत्र तो इसी तरफ इशारा कर रहे हैं. ज्योतिष वैज्ञानिकों के अनुसार रोहिणी नक्षत्र में सूर्य संचरण के शुरू के नौ दिनों तक असहनीय गर्मी पड़ती है. इन नौ दिनों को ‘नौतपा’ कहा जाता है. नौतपा का तपना अच्छी बारिश के लिए अच्छा संकेत भी माना जाता है.
सूरज की तपिश और गर्म पछुआ से गुरूवार को भी आमजन और जीव-जंतु बेचैन दिखाई दिए. कानपुर में पारा 43 डिग्री को छूता (42.8) दिखा. आंच सूरज डूबने के काफी देर बाद तक महसूस की गई. अब कहा जा रहा है कि सूर्य का रौद्र रूप 25 मई से दिखने का संकेत है. उनकी प्रचंडता दो जून तक रह सकती जब ‘नौतपा’रहेगा.
खगोलीय घटनाक्रम के तहत सूर्य का 15 मई को वृष राशि में संचरण हुआ है. मौसम के लोकविज्ञानी और ज्योतिषी मानते हैं कि वृष राशि में सूर्य के संचरण के साथ असल गर्मी शुरू होती है. यह संचरण 15 या 16 जून तक चलेगा.
इस अवधि में भी 25 मई से दो जून का कालखंड अधिक कष्टदायक हो सकता है जब सूर्य का नक्षत्र परिवर्तन होगा. वह 25-26 मई की रात एक बजे कृतिका से रोहिणी में प्रवेश करेंगे। इस बार रोहिणी में सूर्य 8 जून तक रहेंगे.
ज्योतिष वैज्ञानिकों के अनुसार 27, 28, 29 व 30 मई को लू और प्रचंड गर्मी पड़ सकती है जबकि 31 मई, एक व दो जून को उमस भरी गर्मी परेशान कर सकती है.

