ABC NEWS: निकाय चुनाव के पहले चरण का प्रचार का शोर थम गया है. अब दूसरे चरण में चुनावी प्रचार रफ्तार पकड़ेगा. ऐसे में कानपुर में चुनाव प्रचार को लेकर अगले आने वाले दिनों में धूम मचने वाली है. महिला मोर्चा जहां स्मृति ईरानी के कार्यक्रम को लेकर दम भर रही हैं. वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों डिप्टी सीएम भी रोड शो और जनसभा करने के लिए कानपुर पहुंचेंगे.
4 मई को बृजेश पाठक करेंगे शुरुआत
दूसरे चरण के प्रचार अभियान के तहत पहले दिन तीन जनसभाएं भाजपा द्वारा आयोजित की जा रही हैं. डिप्टी सीएम बृजेश पाठक साढ़े तीन बजे मर्चेंट चैंबर हॉल में प्रबुद्ध सम्मेलन को संबोधित करेंगे. इसके बाद 4.30 बजे साकेत नगर मंदाकिनी पैलेस में पूर्व छात्र नेताओं की बैठक को संबोधित करेंगे, इसके बाद 5.25 पर काकादेव में नव मतदाता सम्मेलन में भाग लेंगे.

मुख्यमंत्री करेंगे जनसभा को संबोधित
इसी तरह सीएम योगी आदित्यनाथ 6 ओर सात मई के बीच किदवई नगर में एक जनसभा को संबोधित करेंगे. पार्टी की ओर से अभी स्थान तय किया जा रहा है. मुख्यमंत्री के अगले दिन डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य का शहर में रोड शो होगा. जो अलग-अलग रास्तों से होकर निकलेगा. इन सभी कार्यक्रमों की तैयारी के लिए पदाधिकारियों की बैठक शुरू हो गई है.
पदाधिकारियों की तय हो रही जिम्मेदारी
मंगलवार को झांसी में हुई मुख्यमंत्री की जनसभा से ज्यादा संख्या महानगर की जनसभा में जुटाने की तैयारी चल रही हैं. इसके लिए पदाधिकारियों की जिम्मेदारी भी तय की जा रही है. जनसभा में पंचायतों से लेकर वार्ड तक से भीड़ जुटाने के लिए लोगों को बुलाने की रूपरेखा तैयार की जा रही है.

