ABC NEWS: कर्नाटक में विधानसभा चुनाव का प्रचार अंतिम राउंड में है. इस बीच, हनुमानजी को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है. कांग्रेस ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में बजरंग दल और पीएफआई समेत नफरत फैलाने वाले व्यक्तियों और संगठनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का वादा किया है. इस पर बीजेपी ने इस पूरे मसले को हनुमानजी से जोड़कर कांग्रेस पर हमला बोल दिया है. मंगलवार को खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनसभा में निशाना साधा और कहा कि ये दुर्भाग्य है कि कांग्रेस ने हनुमानजी को ताले में बंद करने का संकल्प लिया है. पहले श्री राम को ताले में बंद किया था.
#CommunalCongress #HinduVirodhiCongress pic.twitter.com/z8RtZqCPIX
— BJP Karnataka (@BJP4Karnataka) May 2, 2023
बता दें कि कर्नाटक में 10 मई को विधानसभा चुनाव की वोटिंग है. सोमवार को बीजेपी ने अपना मैनिफेस्टो जारी किया, उसके एक दिन बाद मंगलवार को बेंगलुरु में कांग्रेस ने अपना घोषणा पत्र जारी किया है. कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खड़गे, कर्नाटक कांग्रेस प्रमुख डीके शिवकुमार, कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और घोषणापत्र समिति के अध्यक्ष डॉ परमेश्वरजी ने घोषणा को सामने रखा. कांग्रेस ने अपने घोषणापत्र में ‘सत्ता में आने के एक साल के भीतर भाजपा सरकार द्वारा पारित सभी अन्यायपूर्ण कानूनों और जनविरोधी कानूनों को निरस्त करने’ का वादा किया और बजरंग दल और पीएफआई समेत नफरत फैलाने वाले व्यक्तियों और संगठनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का वादा किया है.
‘कांग्रेस को अब हनुमानजी से तकलीफ होती है’
कांग्रेस के घोषणा पत्र पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुटकी ली और कहा कि आज हनुमान जी की इस पवित्र भूमि को नमन करना मेरा बहुत बड़ा सौभाग्य है और दुर्भाग्य देखिए, मैं आज जब यहां हनुमान जी को नमन करने आया हूं, उसी समय कांग्रेस पार्टी ने अपने मेनिफेस्टो में बजरंगबली को ताले में बंद करने का निर्णय लिया है. पहले श्री राम को ताले में बंद किया और अब जय बजरंगबली बोलने वालों को ताले में बंद करने का संकल्प लिया है. यह देश का दुर्भाग्य है कि कांग्रेस पार्टी को प्रभु श्री राम से भी तकलीफ होती थी और अब जय बजरंगबली बोलने वालों से भी तकलीफ हो रही है.
‘कर्नाटक को देश में नंबर वन बनाएंगे’
मोदी ने कहा कि ये देश का दुर्भाग्य है कि कांग्रेस पार्टी को प्रभु राम से भी तकलीफ होती थी, अब जय बजरंग बली बोलने वालों से भी तकलीफ हो रही है. बीजेपी कर्नाटक को देश में नंबर वन राज्य बनाने के लिए संकल्पबद्ध है. मैं प्रभु हनुमानजी के चरणों में अपना शीश झुकाकर ये संकल्पसिद्धि की कामना करता हूं.
‘जय श्री राम के नारों को सांप्रदायिक रूप में देखती कांग्रेस’
पीएम मोदी के इस बयान के बाद बीजेपी ने कांग्रेस पर हमला करना शुरू कर दिया. बीजेपी सांसद तेजस्वी सूर्या ने ट्विटर पर प्रोफाइल पिक्चर चेंज की है और लिखा- मैं कन्नडिगा हूं. मेरी भूमि हनुमान जन्म की भूमि है. मैं बजरंगी हूं. बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि 85% कमीशन और 100% हिंदू विरोधी.. यही कांग्रेस की परिभाषा है. आज कांग्रेस ने अपना झूठ का घोषणापत्र जारी किया. आज हनुमान की जन्मभूमि में कांग्रेस का जिस तरह से पतन हुआ है, यह सब हमने देखा है. जय श्री राम के नारों को कांग्रेस सांप्रदायिक के रूप में देखती है. अब जो बोलेंगे जय बजरंगबली, डाल देंगे जेल में! ये कांग्रेस के अशुभ विचार हैं.

