ABC NEWS: भगोड़े अमृतपाल सिंह को पंजाब पुलिस 18 मार्च से ही तलाश कर रही है. इसी बच पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. अमृतसर एयरपोर्ट पर पुलिस ने अमृतपाल सिंह की पत्नी किरणदीप कौर को हिरासत में लिया है. लंदन जाने की फिराक में थी. जानकारी के मुताबिक उनको चेकइन करते समय रोका गया. इसके बाद पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है.
पंजाब पुलिस ने वारिस पंजाब दे संगठन के प्रमुख अमृतपाल सिंह और उसके साथियों पर 18 मार्च को कार्रवाई की थी. इस दौरान पुलिस ने उसके सैकड़ों साथियों और समर्थकों को गिरफ्तार किया था. हालांकि, अमृतपाल अपने कुछ करीबियों के साथ भागने में कामयाब हो गया था. तब से पुलिस लगातार उसके तलाश में जुटी है. इतना ही नहीं पुलिस उसके परिवार के लोगों और करीबियों से भी पूछताछ कर रही है.

किरणदीप कौर कौन है?
अमृतपाल सिंह ने इसी साल फरवरी में UK की एनआरआई किरणदीप कौर से शादी की थी. फरवरी में अमृतपाल से शादी के बाद किरणदीप कौर पंजाब ही रहने लगीं और इन दिनों अमृतपाल के पैतृक गांव जल्लूपुर खेड़ा में रहती हैं. किरणदीप की पारिवारिक जड़ें जालंधर में बताई जाती हैं.
किरणदीप और अमृतपाल की शादी अभिनेता-कार्यकर्ता दीप सिद्धू द्वारा गठित संगठन ‘वारिस पंजाब दे’ के प्रमुख के रूप में कार्यभार संभालने के महीनों बाद हुई थी.
किरणदीप कौर से हो चुकी पूछताछ
पंजाब पुलिस ने पिछले दिनों उसकी पत्नी किरणदीप कौर से पूछताछ की थी. ये पूछताछ अमृतपाल सिंह की गतिविधियों के लिए कथित विदेशी फंडिंग के सिलसिले में की गई थी. पुलिस को जांच के दौरान पता चला था कि अमृतपाल को 35 करोड़ रुपये की फंडिंग मिली है. सूत्रों ने कहा कि पंजाब पुलिस फंडिंग तंत्र का पता लगाने के लिए अमृतपाल, उनकी पत्नी, पिता और अन्य रिश्तेदारों के बैंक खातों की भी जांच कर रही है. पुलिस की जांच में खुलासा हुआ है कि अमृतपाल सिंह ने विदेशी स्रोतों से मिले पैसों को खर्च कर अपने और अपने आदमियों के लिए नई एसयूवी खरीदी.

