ABC NEWS: दिन-शनिवार जगह-काल्विन अस्पताल. समय-रात 10 बजकर 35 मिनट. अतीक और अशरफ पुलिस की अभिरक्षा में अस्पताल पहुंचते हैं. वहां पर मीडियाकर्मियों का जमावड़ा लगा था. अस्पताल के प्रवेश द्वार पार करके अंदर घुसते ही मीडियाकर्मियों ने उन्हें घेर लिया. अतीक और अशरफ से असद के सुपुर्दे ए खाक मामले में सवाल पूछे ही जा रहे थे. अतीक ने कुछ बोला कि तभी अशरफ ने कहा कि मेन बात ये है कि गुड्डू मुस्लिम…तभी अचानक से हमलावर सामने से आए.
फायरिंग होते ही बैकफुट पर आ गई पुलिस एक शूटर ने पुलिस हिरासत में अतीक के सिर में गोली मार दी. अशरफ कुछ समझ पाता कि अतीक जमीन पर गिर गया. अशरफ को संभलने का भी मौका नहीं मिला. अचानक से सामने से तीन हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. लगातार गोलियां बरसाते रहे. अतीक और अशरफ को गोलियों से छलनी कर दिया. करीब 18 राउंड गोलियां चलाई. इस सनसनीखेज वारदात से वहां हड़कंप मच गया. फायरिंग होते ही अतीक और अशरफ की सुरक्षा में लगे पुलिसकर्मी भागने लगे. वहां पर अफरातफरी का माहौल बन गया.
खुद ही हमलावरों ने किया सरेंडर
अतीक और अशरफ के खून से लथपथ होने के बाद भी हमलावरों ने उन पर गोलियां बरसानी नहीं छोड़ी. जब उन्हें लगा कि अतीक और अशरफ की सांसें थम गई है तब उन्होंने अपने असलहे जमीन पर फेंक दिया और सरेंडर करने के लिए अपने-अपने हाथ ऊपर कर दिया. इतना करते ही पुलिसकर्मी हरकत में आ गए. सिपाही और दरोगा ने तीनों हमलावरों को वहीं पर दबोच लिया. तीनों के नाम शनि, अरुण और लवलेश बताए गए.
अतीक और अशरफ की हत्या के बाद बोले जयश्रीराम
तीनों हमलावरों ने अतीक और अशरफ की हत्या करने के बाद भागने की जगह खुद को पुलिस के हवाले कर दिया. वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर लगातार जय श्री राम जय जय श्रीराम के नारे लगाते रहे. एक सिपाही ने हमलावर को पकड़कर जमीन पर लेटा दिया था. इसके बाद भी वह जय श्रीराम के नारे लगाता रहा.

