ABC NEWS: प्रयागराज में अब तक के सबसे सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया गया है. माफिया अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की गोली मारकर हत्या कर दी गई है. पहले अतीक की कनपटी पर गोली मारी. अतीक के गिरते ही अशरफ पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी गई. दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. तीन हमलावरों ने वारदात को अंजाम दिया. हमलवार पत्रकार बनकर आए थे. पुलिस ने तीनों को पीछा कर पकड़ लिया है. उनके पास से पिस्टल भी बरामद हुई है. फिलहाल तीनों का सिर्फ नाम बताया गया है. पुलिस के अनुसार नवीन तिवारी, अरुण मौर्या और सोनू नामक युवकों ने हमला किया है. तीनों दो बाइक से आए थे.
बताया जाता है कि अतीक और अशरफ को मेडिकल के लिए लाया गया था. यहां पर पत्रकार बनकर तीन हमलावर पहुंचे. अन्य पत्रकार जब अतीक से बात करने की कोशिश कर रहे थे, उसी दौरान एक हमलावर ने सबसे पहले अतीक की कनपटी पर पिस्टल सटाकर गोली मार दी. इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता अशरफ को भी गोली मार दी गई. अशरफ को आगे और पीछे दोनों तरफ से हमला किया गया.
सबकुछ इतनी तेजी से हुआ कि पुलिस भी कुछ नहीं समझ सकी. पुलिस को हमलावरों पर गोली चलाने का मौका ही नहीं मिला. हालांकि कुछ देर बाद ही तीनों को पीछाकर पकड़ लेने का दावा किया जा रहा है. बताया जाता है कि उनके पास से पिस्टल भी बरामद की गई है.

