ABC NEWS: उमेश पाल हत्याकांड के फरार शूटरों की तलाश और तेज कर दी गई है. शूटरों की धरपकड़ के लिए उनके ऊपर धोषित ढाई-ढाई लाख रुपये के इनाम को बढ़ा दिया गया है. शासन ने प्रयागराज के बहुचर्चित उमेश पाल हत्याकांड में वांछित पांच अभियुक्तों पर पांच-पांच लाख रुपये का इनाम घोषित कर दिया है. प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद ने सोमवार को इस संबंध में शासनादेश जारी किया. इनमें गुजरात की जेल में बंद माफिया सरगना अतीक अहमद का बेटा असद भी शामिल है.
इससे पहले डीजीपी डॉ. डीएस चौहान ने इन्हीं पांच अभियुक्तों पर ढाई-ढाई लाख रुपये का इनाम घोषित किया था. अब पांच-पांच लाख रुपये के इनामी घोषित किए गए वांछित अभियुक्तों में असद पुत्र अतीक अहमद, अरमान पुत्र शमीम, गुलाम पुत्र मकसूदन, गुड्डू मुस्लिम पुत्र शफीक और साबिर पुत्र नसीम शामिल है. इनकी गिरफ्तारी करने या गिरफ्तारी के संबंध में परिणामदायक सूचना देने पर प्रति अभियुक्त पांच-पांच लाख रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की गई है.
सभी पांचों अभियुक्त प्रयागराज जिले के ही निवासी हैं. प्रयागराज के धूमनगंज थाना क्षेत्र में बीती 24 फरवरी को हुए उमेश पाल हत्याकांड में उमेश पाल के अलावा उनके गनर संदीप निषाद की भी मौत हो गई थी, जबकि उनके दूसरे नगर राघवेन्द्र सिंह की बाद में पीजीआई लखनऊ में इलाज के दौरान मौत हो गई थी. इस मामले में सभी वांछित अभियुक्तों के विरुद्ध आईपीसी की धारा 147, 148, 149, 302, 307, 120 बी व 34, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा तीन तथा सात सीएलए एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है. अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए प्रयागराज पुलिस के अलावा एसटीएफ की टीमें भी लगी हुई हैं.

