ABC News: गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या बुधवार (25 जनवरी) को वीरता पुरस्कारों का एलान किया गया है. रक्षा मंत्रालय ने कहा कि राष्ट्रपति ने 74वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर सशस्त्र बलों के कर्मियों और अन्य को 412 वीरता पुरस्कारों और अन्य रक्षा अलंकरणों को मंजूरी दी है. इनमें चार मरणोपरांत सहित छह कीर्ति चक्र हैं, दो मरणोपरांत सहित 15 शौर्य चक्र शामिल हैं.

जम्मू-कश्मीर के बडगाम में एक ऑपरेशन में अपनी वीरतापूर्ण भूमिका के लिए डोगरा रेजिमेंट के मेजर शुभांग को दूसरे सर्वोच्च वीरता पदक कीर्ति चक्र से सम्मानित किया गया. ऑपरेशन के दौरान उन्होंने एक आतंकवादी को मार गिराया और अपने घायल सैनिकों को सुरक्षित निकाला था. वहीं, नायक जीतेंद्र सिंह को भी कीर्ति चक्र दिया गया. चिनार कॉर्प्स कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल अमरदीप सिंह औजाला को उत्तम युद्ध सेवा मेडल (यूवाईएसएम) से सम्मानित किया गया है. 3 कॉर्प्स कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल आरके तिवारी और 14 कॉर्प्स प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल ए सेनगुप्ता को भी यूवाईएसएम से सम्मानित किया. आर्मी रिसर्च एंड रेफरल अस्पताल के ब्रिगेडियर संजय मिश्रा को अति विशिष्ट सेवा मेडल (AVSM) से सम्मानित किया गया है. वहीं मेजर आदित्य भदौरिया, कैप्टन अरुण कुमार, कैप्टन युद्धवीर सिंह, कैप्टन राकेश टीआर, नायक जसबीर सिंह (मरणोपरांत), लांस नायक विकास चौधरी और कांस्टेबल मुदासिर अहमद शेख (मरणोपरांत) को शौर्य चक्र मिलेगा.

