ABC NEWS: लोक आस्था के महापर्व छठ पूजन में अरुणोदय अर्घ्य देने के लिए के लिए सोमवार भोर से घाटों पर आस्था का संगम देखने को मिला. सैकड़ों की संख्या में व्रतियों ने दीप प्रज्वलित कर छठ मइया का वंदन पूजन किया. अरुणोदय की पहली किरण के साथ ही जल में खड़ी व्रतियों ने भगवान सूर्य को जल अर्पित महा व्रत का पारण किया ढोल नगाड़े और आतिशबाजी के मनोहारी दृश्य के बीच लोक आस्था का महापर्व व्रतियों ने धूमधाम से मनाया.

भाेर पहर से ही पहुंचने लगे लोग
भोर पहर से ही सिर पर डाला लेकर छठ मैया का गुणगान करते हुए भक्त सूरज देवता को अर्घ्य देने के लिए पनकी, अरमापुर, सीटीआई, गुजैनी, दबौली, शास्त्री नगर, गंगा बैराज सहित शहर के विभिन्न पूजन स्थलों पर पहुंचे। वेदी पूजन कर व्रतियों ने छठ मैया की आराधना करते हुए दीपदान किया.
पनकी नहर में ढोल नगाड़े और आतिशबाजी के साथ वेदियों पर प्रज्वलित दीप का मनोहारी दृश्य लोक आस्था के महापर्व के महत्व से परिचित करा रहा था. भोर अर्घ्य से पहले व्रतियों ने वेदी के समक्ष कोसी पूजन कर अपनी अपनी मनोकामना मांगी.

सूर्य की पहली किरण के साथ सिंदूर भराई
घाटों पर भगवान सूर्य की प्रथम किरण का इंतजार कर रही व्रतियों ने अर्घ्य देने से पहले सिंदूर भराई की रस्म अदा की. व्रतियों ने एक दूसरे की मांग में सिंदूर लगाकर अखंड सौभाग्य प्रार्थना की. सुबह 6.17 व्रतियों ने भगवान सूर्य को अर्घ्य देने की शुरुआत की. भगवान सूर्य और छठ मइया के जयकारों की गूंज के बीच व्रतियों ने अर्घ्य महाव्रत का पारण किया. व्रतियों ने संतान की दीर्घायु परिवार कल्याण सुख समृद्धि और अखंड सौभाग्य की प्रार्थना करते हुए 36 घंटे के निर्जला व्रत को पूरा किया.

हजारों की संख्या में पहुंच लोग
पनकी, अर्मापुर, सीटीआइ, साकेत नगर सहित, गंगा बैराज घाट सहित शहरभर में गूंजे छठ मइया के गीतों की गूंज रही. चेहरे पर श्रद्धा के भाव लिए हजारों की संख्या में भक्त घाटों पर अर्घ्य पूजन का मनोहारी दृश्य देखने के लिए पहुंचे.
भक्तिमय हुआ माहौल
अर्मापुर नहर में भगवान सूर्य को नमन और अर्घ्य देने के लिए खड़ी कतारबद्ध व्रतियों का समूह वातावरण को भक्तियम बना रहा था. नहर के जल में खड़े होकर भगवान सूर्य को जल अर्पित कर छठ मइया का पूजन कर व्रतियों ने संतान की दीर्घायु और अखंड सौभाग्य का वरदान मांगा.
एक-दूसरे को लगाया सिंदूर
अर्घ्य देने के बाद घाटों पर सुहागिनों ने एक-दूसरे को सिंदूर लगाया और पति के दीर्घायु की कामना की. रंग-बिरंगी झालरों से सजे घाटों पर आतिशबाजी के दृश्य ने हर किसी को मंत्रमुग्ध कर दिया. छठ मइया की महिमा का गुणगान करते हुए लोक आस्था का महापर्व व्रतियों ने उल्लास और उमंग के साथ मनाया.
इन स्थलों पर हुआ सामूहिक पूजन
पनकी, अर्मापुर, सीटीआइ, साकेत नगर, गुजैनी, दबौली, नहर घाट, गंगा बैराज, सरसैया घाट, गोला घाट, मैस्कर घाट, नमक फैक्ट्री, शास्त्री नगर पार्क, अवधपुरी, विष्णुपुरी, कल्याणपुर, बर्रा विश्व बैंक, रतनपुर, स्वरूप नगर, गोविंद नगर में सामूहिक छठ पूजन किया गया.

