ABC News: बर्रा कर्रही में तेज रफ्तार थार जीप ने बच्ची को कुचल दिया और नौबस्ता में तेज रफ्तार ट्रक ने एक महिला को उड़ा दिया. दोनों हादसों में महिला और बच्ची ने दम तोड़ दिया. थार चालक बच्ची को हैलट अस्पताल छोड़कर भाग निकला. नौबस्ता और बर्रा थाने की पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है.

एसीपी गोविंद नगर विकास पांडेय ने बताया कि रामगोपाल चौराहा बर्रा आठ निवासी अनीता अपनी 12 साल की बेटी इशिका के साथ साइकिल से खरीददारी करने बर्रा कर्रही मार्केट में आईं थी. इस दौरान तेज रफ्तार अनियंत्रित थार जीप चला रहे युवक ने बच्ची इशिका को कुचल दिया. भागने के चक्कर में दोबारा उसके ऊपर पहिया चढ़ गया और उसकी हालत गंभीर हो गई. मदद का झांसा देकर थार चालक बच्ची और उसकी मां को लेकर हैलट अस्पताल पहुंचा और वहां से भाग निकला. हादसे की सूचना के घंटों बाद बर्रा थाने की पुलिस मौके पर जांच करने पहुंची. महिला ने थार चालक के खिलाफ बर्रा थाने में तहरीर दी है. नौबस्ता मछरिया चौराहा पर तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार को टक्कर मार दी. हादसे में बाइक पर पीछे बैठी महिला ऊषा (62) की पहिया के नीचे आने से मौके पर ही मौत हो गई. जबकि पति रामस्वरूप बाल-बाल बच गया. दोनों फतेहपुर के कल्याणपुर से कानपुर अपने रिश्तेदार के यहां से घर लौट रहे थे. पब्लिक ने हादसे के बाद मौके से भाग रहे ट्रक चालक को दौड़ाकर दबोच लिया. इसके बाद नौबस्ता पुलिस के हवाले कर दिया. हादसे के बाद इशिका की मौत ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया. हादसे की जानकारी मिलते ही पिता और परिवार के लोग हैलट अस्पताल पहुंचे. पिता और मां बार-बार यही कहकर रोते रहे कि अब दीपावली पर नए कपड़े कौन पहनेगा और पटाखे के लिए कौन जिद करेगा. शव को गले लगाकर दंपति रोते-रोते अचेत हो गए. नौबस्ता हादसे में आंखों के सामने पत्नी की मौत होता देख पति बदहवास हो गए. पुलिस ने किसी तरह उन्हें सभाला.

