ABC NEWS: हम सभी ने भगवान शिव के मंदिर में नंदी की प्रतिमा भगवान के ठीक सामने विराजे देखी है. भगवान शिव के दर्शन करने वाले हर भक्त पहले नंदी के दर्शन करते हैं. नंदी को भगवान शिव का वाहन माना जाता है. ऐसा माना जाता है कि भगवान शिव को नंदी बेहद पसंद हैं. जहां शिव होंगे वहां नंदी भी होंगे. असल में शिव वाहन नंदी को पुरुषार्थ का प्रतीक माना जाता है.
हिंदू पौराणिक ग्रंथों में भगवान शिव और नंदी के बारे में कई सारी कथाएं मिलती हैं. ऐसी ही कथा के बारे में हमें पंडित हितेंद्र कुमार शर्मा, ज्योतिष बताने जा रहे हैं. आइए जानते हैं कि आखिर क्यों भगवान शिव और नंदी एक साथ विराजते हैं.
भगवान शिव और नंदी से जुड़ी पौराणिक कथा
-पौराणिक हिंदू पुराण शिव पुराण में एक कथा मिलती है जिसके अनुसार शिलाद नामक मुनि के ब्रह्मचारी हो जाने के कारण उनका वंश समाप्ति की ओर अग्रसर हो रहा था. यह देख उनके पितरों की चिंता बढ़ गई, मुनि तप और योग में लीन रहते थे जिसके कारण वे गृहस्थ जीवन में प्रवेश नहीं करना चाहते थे. शिलाद ऋषि ने पुत्र की कामना के लिए देवराज इंद्र को प्रसन्न करने के लिए तप किया.
इंद्रदेव मुनि की तपस्या से प्रसन्न हुए तब मुनि ने इंद्रदेव से वरदान मांगा कि जो बच्चा जन्म और मृत्यु के बंधन से मुक्त हो उन्हें ऐसे पुत्र की कामना है, लेकिन इंद्रदेव ने उन्हें इस प्रकार का वरदान देने में असमर्थता जाहिर की. इसके बाद शिलाद मुनि ने भगवान शिव की कठोर तपस्या की. मुनि की तपस्या से प्रसन्न होकर भगवान शिव ने मुनि को स्वयं पुत्र के रूप में प्रकट होने का वरदान दिया.
भगवान शंकर से वरदान प्राप्त करने के कुछ समय बाद शिलाद मुनि अपना खेत जोत रहे थे तब धरती से एक बालक प्रकट हुआ. शिलाद मुनि ने उस बालक का नाम नंदी रखा. जब नंदी बड़े हुए तब भगवान शंकर ने मित्र और वरुण नाम के दो मुनियों को शिलाद मुनि के आश्रम में भेजा. जिन्होंने नंदी के अल्पायु होने की भविष्यवाणी की. नंदी को जब यह बात पता लगी तब उन्होंने मृत्यु को जीतने के लिए भगवान भोलेनाथ की कठोर तपस्या प्रारंभ की. भोलेनाथ नंदी की तपस्या से अति प्रसन्न हुए और वरदान में नंदी को मृत्यु भय से मुक्त किया. भोलेनाथ ने माता पार्वती की सहमति से संपूर्ण गणों और वेदों के समक्ष सभी गणों के अधिपति के रूप में नंदी का अभिषेक कराया.
भगवान शिव ने नंदी को यह वरदान भी दिया कि जहां भी नंदी निवास करेंगे उस स्थान पर शिव का भी निवास होगा. यही कारण है कि हर मंदिर या शिवालय में जहां भगवान शिव होते हैं वहां नंदी भी होते हैं और जहां नंदी होते हैं वहां भोलेनाथ होते हैं.

