ABC NEWS: चुनाव आयोग द्वारा फर्जी राजनीतिक दलों की जांच के बाद फंडिंग पर आयकर विभाग ने भी शिकंजा कसना शुरू कर दिया है. आयकर विभाग ने 11 करोड़ रुपये से ज्यादा का चंदा जुटाने वाली जनराज्य पार्टी के कानपुर कार्यालय समेत तीन जगहों पर छापा मारकर दस्तावेज जब्त किए हैं. वहीं पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के पास से 2.5 लाख रुपये नकद जब्त किया है. आयकर विभाग की कार्रवाई दूसरे दिन गुरुवार को भी जारी रहने की बात सामने आ रही है.
चुनाव आयोग के निर्देश पर आयकर विभाग ने ऐसे राजनीतिक दलों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की है जो लगातार चंदा वसूल रहे हैं, लेकिन उनकी चुनावी प्रक्रिया में कोई भागीदारी नहीं होती. शहर में आयकर विभाग की टीम ने जनराज्य पार्टी के केशव नगर स्थित कार्यालय, संस्थापक रविशंकर सिंह यादव के किदवई नगर स्थित आवास और राष्ट्रीय अध्यक्ष अभिषेक कृष्णन के काकादेव स्थित आवास पर छापा मारा. दोनों ही अपने घरों पर नहीं मिले. आयकर अधिकारियों की स्वजन से हुई बात में पता चला कि अभिषेक कृष्णा सुप्रीम कोर्ट में वकालत करते हैं, जबकि उनके पिता कानपुर कोर्ट में अधिवक्ता हैं.
आयकर टीम अभिषेक कृष्णा के पिता व भाई को लेकर सर्वोदय नगर स्थित कोआपरेटिव बैंक और नीरक्षीर चौराहा स्थित स्टेट बैंक आफ इंडिया की शाखा भी गई. दोनों के बैंक खातों और लाकर की जांच की. टीम फिर घर आ गई और वहीं बैंक अधिकारियों को भी बुला लिया गया. देर शाम तक आयकर अधिकारियों की पूछताछ जारी थी. छापे की कार्रवाई के दौरान आयकर अधिकारियों को अभिषेक के घर से 2.5 लाख रुपये नकद मिले, जिसे कब्जे में ले लिया गया. वहीं केशव नगर स्थित पार्टी कार्यालय पर पहुंची टीम को वहां पार्टी से संबंधित कोई साक्ष्य नहीं मिले. वहां एक लाकर मिला जिसे सीज कर दिया गया है.
चंदा कहां से आ रहा इसकी जांच
आयकर अधिकारी यह बात जानने का प्रयास कर रहे हैं कि कोई राजनीतिक गतिविधि न होने के बाद भी पार्टी के फंड में आखिर कहां से चंदा आ रहा है. यह भी देखने का प्रयास किया जा रहा है कि कहीं काले धन को सफेद करने के लिए तो चंदा नहीं दिया गया। मनी लांड्रिंग का पहलू भी खंगाला जा रहा है.

