ABC News: शादी के चार महीने बाद ही बहू ने खेल कर दिया. बहू के इस कारनामे से ससुराले ही नहीं, जिसने भी सुना वह स्तब्ध रह गया. मामला उत्तर प्रदेश के सम्भल जनपद के मुहल्ला हल्लू सराय का है. यहां नई नवेली बहू ने रात में परिवार के सभी लोगों को पहले तो नशे की दवा मिलाकर दूध पिलाकर बेहोश कर दिया. फिर डेढ़ लाख के जेवर, 60 हजार रुपये नकद लेकर भाग गई. घर की दूसरी मंजिल की बालकनी से साड़ी लटकाकर उसके सहारे महिला नीचे उतर आई. यहां उसका प्रेमी इंतजार कर रहा था. महिला का यह पूरा खेल सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है. पीछे-पीछे महिला और आगे-आगे उसके प्रेमी के चलने की घटना सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रही है. सुबह घटना की जानकारी होने पर महिला के पति ने पुलिस को तहरीर दी. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है.

सम्भल के हल्लू सराय निवासी युवक की शादी चार माह पहले मध्य प्रदेश के शिवपुरी जनपद के एक मुहल्ला निवासी युवती से हुई थी. शादी के बाद युवती को विदा कराकर सभी सम्भल आ गए. दी गई तहरीर में युवक ने बताया कि शादी सब कुछ सही था. किसी को भी कोई शक नही था. रात में किसी समय उसने पति के साथ ही सास, ससुर को दूध दिया और इसमें नशीला पदार्थ मिला दिया. तीनों बेहोश हो गए. इसके बाद युवती ने रात डेढ़ बजे के करीब मकान की दूसरी मंजिल की बालकनी से ही साड़ी बांधकर नीचे लटका लिया. बालकनी करीब दस फीट की रही होगी. इसके पहले उसने अपने पास ही घर में रखी 60 हजार नकदी व डेढ़ लाख के जेवर रख लिए. सुबह आठ बजे के करीब लोगों के आवाज देने के बाद घर में सबकी नींद खुली. इसके बाद घटना सामने आई. पति सहित अन्य ने उसकी तलाश की लेकिन पता नहीं चला. सीसीटीवी में रात 1.57 बजे दिखा कि वह मुख्य मार्ग सम्भल मुरादाबाद की ओर जाती हुई दिखी. उसके साथ एक युवक भी चल रहा था. अब मुख्य मार्ग पर कोई वाहन पहले से खड़ा था या किसी और गाड़ी से हुई यह पता नहीं चला. दोपहर बाद पति ने कोतवाली में तहरीर दी. इंस्पेक्टर ओमकार सिंह ने बताया कि तहरीर मिल गई है. अभी मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है। जांच की जा रही है. मध्य प्रदेश में उसके मायके वालों के नंबर लिए गए. जल्द ही इस मामले में सामान की बरामदगी व कारवाई की जाएगी.

