ABC NEWS: गुरुवार को करीब 12 बजे कचहरी स्थित कानपुर पुलिस कमिश्नर ऑफिस कैंपस की पीछे की दीवार अचानक ढह गई. दीवार ढहने से किनारे 9 टू-व्हीलर खड़ी गाड़ियां दब गई. पुलिस ने नगर निगम की टीम की मदद से मलबा हटाने का कार्य शुरू करा दिया है.
करीब 25 फीट दीवार का हिस्सा ढहा
कानपुर में बीते 3 दिनों से रुक-रुककर बारिश हो रही है. दीवार काफी पुरानी हो चुकी थी. काफी समय से दीवार एक तरफ झुक भी गई थी. गुरुवार को अचानक ही 25 फीट दीवार का हिस्सा गिर गया. दीवार के किनारे खड़ी गाड़ियां दीवार टूटने से क्षतिग्रस्त हो गई.
जर्जर घोषित हो चुकी है बिल्डिंग
कानपुर पुलिस कमिश्नर ऑफिस की बिल्डिंग जर्जर घोषित की जा चुकी है. ऐसे में नए पुलिस मुख्यालय को बनाने की कवायद भी चल रही है. इसको लेकर पुलिस के आलाधिकारी कई बार सर्वे भी कर चुके हैं. कई पुलिस कर्मी जान जोखिम में डालकर पुलिस ऑफिस में काम करने को मजबूर हैं.

