ABC News: समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बिहार में हुए राजनीतिक बदलाव को एक ‘सकारात्मक संकेत’ करार देते हुए उम्मीद जताई है कि 2024 के लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खिलाफ एक मजबूत विकल्प तैयार होगा. उन्होंने यह भी दावा किया कि उत्तर प्रदेश में भाजपा के सहयोगी दल उससे खुश नहीं हैं और भविष्य में वे इस सत्तारूढ पार्टी से नाता तोड़ लेंगे.

यादव ने बृहस्पतिवार को न्यूज एजेंसी ‘पीटीआई-भाषा’ से साक्षात्कार में कहा कि बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के भाजपा-नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) से नाता तोड़कर राष्ट्रीय जनता दल (राजद), कांग्रेस तथा कई अन्य दलों के साथ मिलकर महागठबंधन की सरकार बनाना एक ‘सकारात्मक संकेत’ है. उन्होंने उम्मीद जताई कि अगले लोकसभा चुनाव में भाजपा के खिलाफ एक मजबूत विकल्प तैयार होगा. सपा नेता ने कहा कि उत्तर प्रदेश के पिछले विधानसभा चुनाव और रामपुर तथा आजमगढ़ लोकसभा सीट के उपचुनाव में सपा की पराजय के लिए चुनाव आयोग की ‘बेईमानी’ को जिम्मेदार करार दिया और कहा कि अगर आयोग ने ईमानदारी से काम किया होता तो नतीजे कुछ और ही होते. सपा अध्यक्ष ने कहा कि उनकी पार्टी ने राज्य का पिछला विधानसभा चुनाव लोकतंत्र बचाने की अपील के साथ लड़ा था, मगर नतीजा सबके सामने है. उन्होंने कहा, ”देश में अब कोई भी निष्पक्ष संस्थान बाकी नहीं रह गया है. सरकार दबाव डालकर इन संस्थानों से मनमाफिक काम कराती है.’’

