ABC News: कानपुर में श्री गुरू नानक देव के प्रकाशोत्सव पर मोतीझील में बहती शबद कीर्तन की रसधार के बीच सुबह से लंगर की तैयारियां चलती रहीं. मोतीझील में सजे दरबार में भोर पहर से गुरूवाणी, सुखमनी साहिब के पाठ से रागी जत्थों ने शबद कीर्तन की रसधार बहाई. इसके बाद दोपहर में यहां पर लंगर की तैयारियां शुरू हो गईं.

जिसमें दिन चढने के साथ यहां पर सेवादारों की भीड़ और ज्यादा जुटने लगी. लंगर की तैयारियों में स्त्री पुरूष से लेकर बच्चे और बुजुर्ग की जुटे रहे. बताया गया कि श्री गुरू नानक देव के 558वें प्रकाशोत्सव पर यहां पर दो लाख से अधिक श्रद्धालु लंगर छकेंगे. लंगर के लिए 100 क्विंटल से अधिक आटे की रोटियां और 30 क्विंटल दाल तैयार की जा रही है.

दाल-रोटी के साथ आलू-गोभी की सब्जी, अचार और हलवा कड़ाह प्रसाद भी बनाया जा रहा है.

लंगर की तैयारियों के दौरान यहां पर गुरू का सिमरन भी चलता रहा. बताया गया कि मंगलवार भोर पहर से ही यहां पर प्रकाशोत्सव से जुड़े अनुष्ठान शुरू हो जाएंगे.

